मंडी समिति में जीटी रोड से अंदर आने वाले वाहनों की लगी लंबी लाइन ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। जीटी रोड स्थिति मंडी में इन दिनों मूंगफली सहित मक्का की आवक है। इससे बड़ी संख्या में वाहन मंडी में पहुंच रहे हैं। मंडी के बाहर लगे कांटों पर तुलाई हो रही है। इससे मंडी के बाहर जीटी रोड पर सुबह से लेकर दोपहर तक जाम लगा होने की वजह से वाहन रेंग-रेंग कर शुक्रवार को निकलते रहे।
मंडी में इन दिनों मूंगफली के व्यापारी गुजरात से आए हैं। मक्का दिल्ली सहित राजस्थान व मध्यप्रदेश को जा रही है। इससे मंडी में बड़ी संख्या में प्रतिदिन वाहन मक्का व मूंगफली लेकर पहुंच रहे हैं। इससे मंडी में जाम की स्थिति हो रही है। इससे जीटी रोड पर रेंग- रेंग कर वाहन निकल रहे हैं। शुक्रवार को सुबह दस बजे से ही मंडी में जाम लगना शुरू हो गया। इस दौरान दोपहर दो बजे तक जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम की सूचना पर पहुंचे टीएसआई ने वाहनों को साइड कर निकलवाया।
बाहर धर्म कांटा पर तौल बन रही मुसीबत
मंडी के एक कांटा पर तौल हो रही है। जबकि दूसरा कांटा बंद रहता है। ऐसे में व्यापारी व किसान मंडी के बाहर धर्मकांटों पर तौल करा रहे हैं। इससे जाम की समस्या बनी हुई है। जीटी रोड पर मंडी के पास लगे धर्म कांटा पर वाहनों की लाइन लगी रहती है।