संवाद न्यूज एजेंसी
जलेसर। नगर के मंडी जवाहरगंज स्थित मेडिकल स्टोर की दुकान में नकब लगाकर शुक्रवार रात चोरी कर ली गई। जबकि इससे सटी सराफा की दुकान से भी चोरी का प्रयास किया गया।
नगर के मोहल्ला मंडी जवाहरगंज में पुलिस चौकी के पास भूपेंद्र कुमार सेठी का मेडिकल स्टोर है। शनिवार सुबह जब वह दुकान खोलने के लिए गए तो पता चला कि पीछे से दीवार काटकर दुकान में चोरी कर ली गई है। जबकि अंदर से दुकान काटकर सटी हुई सराफ की दुकान से चोरी करने का प्रयास किया गया। एक साथ दो दुकानों से चोरी की जानकारी मिलने पर आसपास के अन्य दुकानदार भी एकत्रित हो गए।
दवा व्यवसायी ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि 25 हजार नकद और करीब 10 हजार रुपये सामान की चोरी हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया और चोरों की तलाश में जुट गई। विदित हो कि श्रावस माह में नगर व क्षेत्र में पुलिस की पेट्रोलिंग दिनरात जारी है। इसके बावजूद घटना को अंजाम दिया गया है। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि दुकानों के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। चोर जल्द पकड़े जाएंगे।