एटा। थाना जैथरा क्षेत्र में रविवार की रात एक युवक घर के पास लगे बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर की चपेट में आ गया। इसमें आ रहे करंट की वजह से करीब एक घंटे तक चिपककर तड़पता रहा। सीएचसी से मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजन ने विद्युत निगम की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाया है।
गांव धरौली निवासी सर्वेश कुमार (35) की करंट लगने से मौत हुई है। चचेरे भाई जयपाल सिंह ने बताया कि सर्वेश रात करीब 2 बजे मकान के बाहर लघुशंका के लिए गए थे। यहां पर विद्युत खंभा लगा हुआ है। इसके सपोर्ट वायर से हाथ छू जाने से गिर गए। तार के ऊपर गिरने की वजह से गंभीर हालत में पहुंच गए। गिरने की आवाज सुनकर चबूतरे में सो रहीं दादी की आंख खुली तो जमीन पर तड़प रहे सर्वेश को देखा और चीख-पुकार मचाई।
बताया कि किसी तरह से तार को काटकर अलग किया। इस प्रक्रिया में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब सीएचसी लेकर गए, लेकिन हालत नाजुक होने की बात कहकर एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां लेकर आए तो मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि विद्युत निगम की लापरवाही के चलते भाई की जान चली गई। तार में करंट आने की शिकायत पहले ही की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि हादसे में युवक की मौत होने की जानकारी परिजन की ओर से दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया है।