ट्रेन में मिले मासूम की जिंदगी बचाने की कोशिश
- फोटो : अमर उजाला
एक सप्ताह पूर्व ट्रेन में मिले मासूम बालक की जान बचाने को कवायद की जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण टैस्ट कराने के लिए गुरुवार को उसे अलीगढ़ भेजा गया।
बरेली से कासगंज आने वाली 53044 पैसेंजर ट्रेन में छह मई को मासूम बालक (एक वर्ष) मिला था। उस समय उस बालक की हालत काफी गंभीर थी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसको बार-बार दौरे पड़ने एवं शरीर में एेंठन पड़ने की शिकायत थी। चिकित्सकों ने उसके दिमाग से जुड़ी कोई बीमारी की संभावना जताई। सिर में चोट के निशान से भी इस संभावना व्यक्त की। मुख्य चिकित्साधिकारी ने एक निजी चिकित्सक के यहां उसका सीटी स्केन कराने का निर्णय लिया। बेहतर उपचार देने के लिए उसे जिला अस्पताल से मिशन अस्पताल भेज दिया गया। तीन दिन से उसका इस अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीटी स्केन में सिर में गंभीर चोट सामने आने के बाद न्यूरो सर्जन को दिखाने की सलाह दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर मासूम को अलीगढ़ के निजी न्यूरो सर्जन को दिखाने के लिए सीएमओ ने एंबुलेंस की व्यवस्था की। एंबुलेंस से बालक को अलीगढ़ ले जाया गया। यहां उसके ब्लड तथा दिमाग से संबंधित परीक्षण किए गए। इसके बाद बालक को फिर से मिशन अस्पताल लाया गया है। मिशन अस्पताल के चिकित्सक संजय ने बताया कि अलीगढ़ में परीक्षण के बाद मासूम बालक फिर से अस्पताल में वापस आ गया है। अस्पताल में ही उसका उपचार किया जाएगा।