एटा। अखतौली गांव में चकबंदी न होने को लेकर किसानों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने गांव के कुछ दबंगों पर चकबंदी नहीं होने देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण डीएम से मिले और ज्ञापन सौंपकर चकबंदी की मांग की। डीएम ने ग्रामीणों से प्रस्ताव कराकर भिजवाने को कहा है। अखतौली के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 10 वर्ष से चकबंदी क्रियाएं चल रहीं हैं। इसमें कुछ दबंग लोग अड़चन पैदा करते हैं। तीन साल पहले कागजों में चक काटे जा चुके हैं लेकिन मौके पर आज तक चक की माप नहीं हुई। न ही चक रोड नापे गए हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि जब भी चक नापने की बात आती है गांव के कुछ लोग झगड़ा करने लगते हैं। कोई भी चकबंदी अधिकारी गांव वालों की समस्या का समाधान कराने को तैयार नहीं हो रहा है। इस पर डीएम ने कहा कि अगर गांव के अधिकांश लोग चकबंदी कराना चाहते हैं तो ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कराकर भिजवा दें। इसके बाद कोई भी चकबंदी होने से नहीं रोक सकेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व प्रधान सहदेव सिंह, विनोद कुमार, राधेश्याम, वीरेश, प्रेमवीर सिंह, बखेड़ी सिंह, रक्षपाल सिंह, जितेंद्र, राधेश्याम, वीरेश कुमार, प्रेमवीर सिंह आदि थे।