एटा/अवागढ़। थाना व कस्बा अवागढ़ स्थित एक क्लीनिक पर संचालक ने क्षेत्र के एक गांव की महिला मरीज के साथ दुष्कर्म किया है। बुखार आने पर महिला को क्लीनिक पर पति लेकर आया था और रातभर भर्ती करके रखा गया। पति शिकायत करने घर पहुंचा तो क्लीनिक संचालक के पुत्र व पत्नी ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। तीनों के खिलाफ तहरीर देकर पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दुष्कर्म पीड़िता के पति ने कस्बा अवागढ़ में कोंडरा रोड स्थित काली मंदिर के पास संचालित क्लीनिक संचालक डॉ. भूपेंद्र सिंह, इसके पुत्र अभिषेक और पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे बुखार से पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी, तब क्लीनिक पर लेकर गया। यहां पर क्लीनिक संचालक डॉ. भूपेंद्र ने रातभर भर्ती करके रखा, तब वह और साला अभिषेक भी साथ में रहा। 3 जुलाई की सुबह करीब सात बजे साले के घर दोनों लोग नहाने चले गए और पत्नी क्लीनिक पर ही अकेली रह गई।
आरोप है कि इसी दौरान क्लीनिक संचालक डॉ. भूपेंद्र ने पत्नी को अकेला पाकर क्लीनिक पर ही डरा धमका कर दुष्कर्म किया। जब वह साले के साथ लौटकर आया तो पत्नी ने पूरी बात बताई। इसके बाद क्लीनिक संचालक के घर जाकर शिकायत की तो उसने व उसके पुत्र व पत्नी ने झूठे आरोप लगाने की बात कहकर गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने बताया कि क्लीनिक पर संचालक की ओर से महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और डॉक्टरी परीक्षण कराकर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।