एटा। परिवहन निगम के महाप्रबंधक (तकनीकी) सत्यनारायण ने रविवार को रोडवेज वर्कशॉप और बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। बसों को गंदा देख खफा हुए। अपने सामने ही वर्कशॉप में बसों की धुलाई कराई। धुलाई करने का तरीका भी बताया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ आरएम अलीगढ़ सतेंद्र सिंह और सेवा प्रबंधक (तकनीकी) विनोद कुमार भी रहे। जर्जर हालत में खड़ी 15 बसें पाई गईं। इनकी नीलामी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही 25 नई बसों को जल्द एटा भेजने का भी आश्वासन दिया। इसके साथ ही बस स्टैंड पहुंच व्यवस्थाओं को देखा। साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया।
एआरएम राजेश यादव को निर्देश दिए कि बसों की सफाई में कोताही न बरती जाए। कार्यशाला में व्यवस्थाएं हैं तो उसका लाभ लेना चाहिए। बता दें कि जीएम को अलीगढ़ परिक्षेत्र का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। इसके चलते पहला निरीक्षण रविवार को किया गया। परिक्षेत्र में आने वाले सभी डिपो की स्थिति बेहतर बनाने के लिए ही सरकार ने नोडल अधिकारी बनाया है।
1.69 करोड़ के प्रस्ताव को जल्द दिलाएंगे मंजूरी
जीएम ने कहा कि एटा से भेजे गए 1.69 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाकर जल्द धनराशि आवंटित कराई जाएगी। ताकि वर्कशॉप और बस स्टैंड का कायाकल्प हो सके। साथ ही बसों की मरम्मत के लिए आने वाले उपकरणों के सवाल पर कहा कि पहले से व्यवस्थाएं बेहतर हुईं हैं। अब उपकरणों की समस्या नहीं होने दी जाएगी।