एटा। थाना सकीट क्षेत्र के गांव करमचंदपुर में सोमवार की सुबह एक वृद्धा की मौत हो गई। यहां वृद्धा का मायका है। ससुरालीजन को मौत होने की सूचना दी गई। देवर ने वृद्धा की हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को खबर की। जिला कासगंज थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव हमीरपुर निवासी विद्या देवी (70) की मौत हुई है। मृतका के देवर गौरीशंकर व त्रिमल सिंह ने बताया कि भाभी के पास कोई बच्चा नहीं है। औलाद न होने के चलते भाभी के भाई भवानी सिंह की संपत्ति को लेकर नीयत खराब हो गई थी। इसी के चलते करीब डेढ़ वर्ष पहले वह उन्हें अपने घर ले गए। वहां पर रखने के दौरान 4 बीघा जमीन का बैनामा अपने हक में करा लिया।
इस बात का जिक्र भाभी ने मिलने पर किया था। इसका विरोध होने लगा था। इसके चलते गला दबाकर रविवार की रात भाभी की हत्या कर दी।। जबकि वृद्धा के भाई भवानी सिंह आरोपों को बेबुनियाद बता रहे हैं। बहन की स्वभाविक मौत होने का दावा किया जा रहा है। थानाध्यक्ष अनुज चौहान ने बताया कि वृद्धा के देवर ने हत्या करने का आरोप लगाकर 112 पर सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।