कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते डीएम अरविंद सिंह। स्रोत सूचन
एटा। निर्वाचन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें मतदेय स्थलों के रेशनलाइजेशन (संभाजन) को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधी मौजूद रहे।डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएगी। इसका उद्देश्य मतदाताओं को अधिक सुविधाजनक, सुगम व पारदर्शी मतदान व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदेय स्थलों के संबंध में अपने सुझाव व आपत्तियां समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का आह्वान किया। बैठक में बताया गया कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है मतदान केंद्र की दूरी दो किलोमीटर से अधिक है व मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है वहां आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार रेशनलाइजेशन किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और मतदाता हितैषी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।