एटा। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षकों को पाठ योजना के आधार पर पढ़ाई करानी होगी। शिक्षकों को एक डायरी बनानी होगी। बच्चों को क्या पढ़ाया शिक्षकों को डायरी में लिखना होगा। डायरी न बनाने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।
शासन की मंशा परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को कांन्वेट स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा दिलाना है। इसी उदेश्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को पाठ योजना के अनुसार शिक्षक डायरी तैयार कर शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे बच्चों को गुणवत्ता परक शिक्षा मिल सके। लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। नया शिक्षा सत्र आरंभ हो चुका है, लेकिन अभी तक स्कूलों में शिक्षकों ने न तो पाठ योजना तैयार की है और न ही डायरी ही तैयार की है।
ऐसी शिकायतें मिलने के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने नाराजगी जताई। सचिव ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि शिक्षकों ने बच्चों को जो पढ़ाया है। उसे अपनी डायरी में अंकित किया या नहीं। लापरवाही करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को डायरी को लेकर ध्यान रखते हुए निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई शिक्षक डायरी नहीं भरता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।