एटा। थाना अलीगंज में मंडी समिति के सचिव ने तंबाकू की कम कीमत के दस्तावेज तैयार कर टैक्स चोरी करने की रिपोर्ट लिखाई है। आरोप है कि व्यापारी अनिर्मित तंबाकू के माध्यम से कर चोरी करने लगे हैं। ऐसा एक ट्रक पकड़ा गया तो मामला उजागर हुआ।
कृषि उत्पादन मंडी समिति अलीगंज सचिव सुभाष चंद्र की ओर से तहरीर देकर फर्म मैसर्स सावित्री तंबाकू कंपनी कायमगंज रोड फर्रुखाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें आरोप लगाया गया कि ट्रक में अधिक कीमत की तंबाकू को भेजा जा रहा था, लेकिन दस्तावेज कम कीमत के तैयार किए गए थे। इस तरह से बड़े स्तर पर कर चोरी की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक अरुण पंवार ने बताया कि ट्रक में 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल की तंबाकू लोड की गई थी। जबकि दस्तावेज 4 हजार प्रति क्विंटल की दर से बनाए गए थे। इससे जीएसटी सहित अन्य कर की चोरी करने की बात मंडी समिति सचिव की ओर से कही गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। बताया कि अन्य फर्म भी निशाने पर हैं जो कर चोरी कर रही हैं।