जलेसर। स्कूल से पढ़कर गांव लौट रहे एक छात्र को पीछे से कैंटर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जलेसर-आगरा रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम को एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने खोला।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गुदाऊ निवासी 12 वर्षीय संदीप नगर के मोहल्ला हटोंड़ा स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में 7वीं कक्षा में पढ़ता था। बृहस्पतिवार को छुट्टी के बाद स्कूल से अपने घर साइकिल से जा रहा था।गांव से थोड़ा पहले ही जलेसर-आगरा रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने एक केंटर ने उसे पीछे से रौंद दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गजराज सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को अपनी गाड़ी से इलाज के लिए आगरा ले जा रहे थे रास्ते मे ही गांव आंवलखेड़ा के पास संदीप ने दम तोड़ दिया। इसके बाद घटनास्थल पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने आगरा-जलेसर मार्ग को जाम कर दिया। एसडीएम रामनयन और सीओ राघवेंद्र सिंह ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।