जिले के निर्माण कार्याें के संबंध में बैठक करते डीएम अरविंद सिंह।- सूचना विभाग
एटा। जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही या अधोमानक निर्माण मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस के अंतर्गत एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने यह निर्देश डीएम ने दिए।डीएम अरविंद सिंह ने सभी कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शासन के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। यदि किसी परियोजना में शासन स्तर पर कोई बाधा हो तो संबंधित विभाग के प्रमुख सचिव को तत्काल अवगत कराकर उसका समाधान कराया जाए ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा कर विभागों को हस्तांतरित किया जा सके।बैठक में राजकीय निर्माण निगम, जल निगम, प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन, आवास विकास परिषद, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, मंडी परिषद, पुलिस आवास निगम सहित अन्य संस्थाओं की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, साइट रजिस्टर अद्यतन रखने व अधिशासी अभियंताओं और अवर अभियंताओं की कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।