एटा। विकासखंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत पवांस में बिना टेंडर या कुटेशन के ही स्ट्रीट लाइटें लगवा दी गईं। विकास कार्यों में अनियमितताएं मिलने पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। 15 दिन के अंदर स्पष्ट जवाब न मिलने पर ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत पवांस में ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा कराए गए कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की गई थी। जिस पर जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने जांच कराने का आदेश दिया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया। वित्त वर्ष 2020-21 में ग्राम पंचायत में हैंडपंप रीबोर, बिना टेंडर व कुटेशन के स्ट्रीट लाइटें लगाने, एसके सप्लायर्स को फर्जी भुगतान करने आदि आरोप लगाए गए थे। जिसकी जांच की गई।
जांच में ग्राम प्रधान व सचिव बिना टेंडर व कुटेशन के स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। 3871 रुपये की दर से 129 लाइटें लगाई गईं। जिन पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के अंदर स्पष्ट जवाब मांगा है।