एटा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रदेश स्तर पर मार्च में आयोजित की गई आईसीटी (इनफोर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी) आधारित कक्षा शिक्षण प्रतियोगिता में जिले के शिक्षक बिंबिसार बौद्ध ने सफलता पाई है। तीसरी बार सफलता प्राप्त कर पुरस्कार की हैट्रिक लगाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
बिंबिसार बौद्ध विकासखंड जैथरा के प्राथमिक विद्यालय दहेलिया के सहायक अध्यापक हैं। वह प्रदेश में लगातार तीसरी बार आईसीटी पुरस्कार पाने वाले पहले शिक्षक भी बन गए हैं। उन्होंने बच्चों को तकनीक रूप से पढ़ाने के लिए उनके तौर-तरीकों को सराहा गया है। बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षिक क्रियाकलापों के अलावा सामाजिक और सामुदायिक सहभागिता कार्यों में भी वह उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
आईसीटी आधारित शिक्षा तथा दायित्वों के प्रति उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में वह पहले भी कई पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। उनकी सफलता पर उप शिक्षा निदेशक डॉ. जितेंद्र यादव, बीएसए संजय सिंह, एबीएसए सुरेंद्र कुमार अहिरवार, जिला समन्वयक संजय मिश्रा, डॉ. अरुण शर्मा, डायट प्रवक्ता डॉ. चिंतामणि वशिष्ठ, डॉ. जगमोहन सिंह, संजय शर्मा, एसआरजी विपिन शाक्य, एआरपी मुकेश यादव ने शुभकामनाएं दी हैं।