शिक्षा और वन विभाग के तत्वावधान में सोमवार को जिले के दस परिषदीय विद्यालयों के दस-दस बच्चों को गौरैया बॉक्स वितरित कर गौरैया संरक्षण की शपथ दिलाई गई। जिन बच्चों को बॉक्स वितरित किए गए उनके नाम, पता ,मोबाइल नंबर नोट किया।
बीएसए एसएस यादव ने बताया कि आगामी बीस मार्च को जिले भर के परिषदीय विद्यालयों में गौरैया दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। जिले में स्कूलों की संख्या अधिक होने के कारण कार्यक्रम कई चरणों में आयोजित किए जाएंगे। इसी के तहत पहले चरण में सोमवार को जूनियर हाईस्कूल रामपुर घनश्याम, पटियाली गेट, शीतलपुर, चौंचा वनगांव, असरौली, बमनई, ककरावली, पीएसी, बहादुरगढ़, हीरापुर में स्कूलों में दस-दस बच्चों को एक-एक गौरैया बॉक्स सामाजिक वानिकी विभाग ने वितरित किए। वहीं शिक्षकों ने स्कूली बच्चों को गौरैया संरक्षण की शपथ दिलाई गई, ताकि आने वाले समय में गौरैया की तादाद में इजाफा हो।
एनआर पब्लिक स्कूल में सोमवार को गौरेया संरक्षण की छात्र छात्राओं ने शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक विवेक राजपूत ने किया। शारीरिक शिक्षक कुलदीप शर्मा ने छात्रों को गौरेया संरक्षण का संकल्प लिया। छात्रों ने कहा स्वच्छता, वन्य जीवों के संरक्षण, वनस्पतियों के संवर्धन और गौरेया संरक्षण के लिए काम करेंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। इस मौके पर गरिमा, प्रतीक्षा, कमल प्रभा, आदि ने भी विचार प्रकट किए। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, पी. सिंह, मोहम्मद निजिम खान, अमित उपाध्याय, देवेंद्र, कुलदीप यादव, राजीव तोमर, भूपेंद्र कुमार, शिवम वर्मा , शेखर राघव, राजकुमारी, पूजा वर्मा, पूजा राठौर आदि मौजूद रहे।