गांव अमृतपुर रघूपुर में नोटिस चस्पा करती पुलिस। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। सपा नेता पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और उनके भाई पूर्व जिपं अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के एटा सहित अन्य जिलों के बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। इसके नोटिस पुलिस ने तामील कराए। वहीं घिलौआ में पूर्व जिपंअ और उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव की 32.40 लाख रुपये की कृषि भूमि जब्त की गई है।
दोनों नेताओं पर कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके तहत डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने दोनों की सभी चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्त करने का आदेश 17 जून को जारी किया था। अचल संपत्तियों को लगातार जब्त किया जा रहा है। इसी क्रम में उनके बैंक खातों को भी फ्रीज किया गया है। पूर्व विधायक के कानपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते को फ्रीज कर इसका नोटिस उन्हें जिला कारागार में तामील कराया गया है। जबकि पूर्व जिपं अध्यक्ष की कंपनी एनएम बुल्डबैल प्रालि का दिल्ली की संसद भवन ब्रांच स्टेट बैंक में संचालित खाते सहित कुल 19 खाते फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस ने इसके नोटिस तामील के लिए उनके अमृतपुर रघूपुर स्थित उनके आवास पर चस्पा किए हैं। इन खातों में एटा एक्सिस बैंक के तीन, आईसीआईसीआई बैंक और बैंक आफ इंडिया के एक-एक, अलीगंज की सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 13 खाते शामिल हैं। तहसीलदार सीपी सिंह ने बताया कि शनिवार को कोतवाली देहात थाना पुलिस के साथ क्षेत्रीय लेखपाल को गांव घिलौआ भेजा गया। वहां जुगेंद्र सिंह यादव और उनकी पत्नी रेखा यादव की कृषि भूमि जब्त कर बोर्ड लगाया गया है। इस जमीन की कीमत 32.40 लाख रुपये है।