68 छात्र-छात्राओं को वितरित किए स्मार्टफोन
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। जैथरा ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय विद्यालय तरगवां में शनिवार को प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 68 छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि छात्र-छात्राओं के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिससे कि उन्हें पढ़ाई करने में कोई समस्या न आए।
शनिवार को राजकीय विद्यालय तरगवां में अलीगंज विधायक सहित ब्लॉक प्रमुख पति अशोक रतन शाक्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अलीगंज विधायक ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है। सिविल सर्विसेज सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दूर न जाना पड़े। इसके लिए प्रत्येक जिले में निशुल्क कोचिंग चलाई जा रही है। युवाओं के हाथों में स्मार्ट फोन देने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुंवरपाल सिंह, जैथरा नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक गुप्ता मौजूद रहे।