एटा। तहसील अलीगंज क्षेत्र के गांव जसरथपुर में शनिवार को डेंगू पीड़ित मिलने के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। यहां पर बुखार से पीड़ित छह मरीज सामने आए, इनकी जांच के लिए नमूने लिए गए। बुखार के अलावा अन्य मरीजों को भी इलाज दिया गया। प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी लोकमन सिंह ने बताया कि गांव जसरथपुर निवासी 17 वर्षीय शिवम डेंगू पीड़ित पाया गया था। इसके चलते रविवार को स्वास्थ्य विभाग टीम गांव में भेजी गई। यहां डेंगू की चपेट में आए किशोर के साथ ही अन्य परिजन की जांच के लिए सैंपल लिए गए।
बताया कि गांव में 32 लोगों को इलाज दिया गया जो सर्दी-जुकाम से परेशान थे। जबकि छह लोग बुखार से पीड़ित मिले सभी को इलाज दिया गया। बुखार पीड़ितों के भी जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। इनकी सोमवार को एलाइजा मशीन से जांच कराई जाएगी। गांव में बहुत ज्यादा मरीज नहीं हैं, फिर भी नजर रखी जा रही है। सोमवार को भी टीम भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पता चल सकेगा कि अन्य कोई डेंगू की चपेट में तो नहीं है।