राजा का रामपुर। थाना क्षेत्र के गांव चंदनपुर निवासी राजवीर सिंह जैथरा क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। बुधवार शाम को उन्हें कुछ लोगों ने पकड़कर पीटा और कपड़े फाड़ दिए। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसमें एक महिला भी चप्पल से पिटाई करती नजर आ रही है। शिक्षामित्र के अनुसार शराब के लिए रुपये न देने पर उनके साथ ऐसा किया गया।
राजवीर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम 4 बजे कस्बे से बाजार करके वापस अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में बंबे पर बाग के पास गांव के ही शिवम, वीर सिंह, रिंकू, संजय, पंकज, सुनील, सत्यवीर ने रोक लिया। गाली गलौज करने लगे। मैंने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी और पिटाई की।
राजवीर ने बताया कि शिवम पहले हमारे खेत में काम किया करता था जो आए दिन मुझसे शराब के लिए पैसे ले जाता था लेकिन अभी दो-तीन बार से पैसे देने के लिए मना कर दिया। जिससे खफा होकर और समाज में बदनामी करने के उद्देश्य से अपनी पत्नी और अपने समाज के लोगों द्वारा पिटाई कराई। इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।