भूसे की धूल जाने पर दो पक्ष भिड़े
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के एटा में रविवार की दोपहर करीब 12 बजे भूसे की धूल मकान पर जाने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चल गईं। इस वारदात में दोनों पक्षों की तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हुए हैं। इनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया
घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के नगला गलू गांव की है। गांव निवासी सत्यप्रकाश सिंह के खेत में दोपहर में थ्रेशिंग हो रही था। इसकी धूल चंद्रप्रकाश के मकान पर जाने लगी। चंद्रप्रकाश पक्ष ने इसका विरोध किया तो कहासुनी होने लगी। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत कर दिया। सत्यप्रकाश के पुत्र आकाश का आरोप है कि कुछ देर बाद सीपी सिंह उर्फ चंद्रप्रकाश अपने भाई योगेश, विवेक, अतुल और अपनी मां इंद्रवती देवी के साथ लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी लेकर आ गए और हमला कर दिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से बोल दिया हमला
इस हमले में मैं, पिता, भाई आशीष, मां शकुंतला देवी और ताई अमृतश्री घायल हो गए। पिता के हाथ में कुल्हाड़ी लगने से काफी चोटें आईं हैं। वहीं दूसरे पक्ष के चंद्रप्रकाश का आरोप है कि मकान में भूसे की धूल जा रही थी। इसका विरोध करने पर सत्यप्रकाश आदि ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसकी वजह से मैं और मां इंद्रवती घायल हुए हैं। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई हैं, रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।