सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को अलीगंज में महाकाल मोक्ष धाम आश्रम पर सफाई करते फर्रुखाबाद
अलीगंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को अलीगंज में स्वच्छता, सम्मान और सेवा का संगम देखने को मिला। सांसद मुकेश राजपूत और विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने झाड़ू हाथ में थामकर स्वच्छता का संदेश दिया। सांसद और विधायक के झाड़ू हाथ में थामते ही वहां मौजूद हर भाजपाई के हाथ में झाड़ू दिखने लगी। पालिका परिषद से लेकर महाकाल मोक्ष आश्रम तक चले सफाई अभियान का शुभारंभ सांसद-विधायक ने झाड़ू लगाकर किया। उनके झाड़ू लगाने पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि हाथों में झाड़ू थामकर सफाई करने लगे। कार्यक्रम में सांसद-विधायक ने 25 सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र, प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। पौधरोपण किया गया सांसद मुकेश राजपूत ने कहा स्वच्छता का पूरा भार केवल सफाई कर्मचारियों पर डालना उचित नहीं है। विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि महात्मा गांधी ने भी स्वच्छता को लेकर देश को जागरूक किया था। कार्यक्रम में लोगों को जूट के थैले वितरित किए गए। महाकाल मोक्ष आश्रम में पौधे रोपित किए गए। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवतियों की गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में बीडीओ शिवशंकर शर्मा, पालिका के ईओ कृष्ण प्रताप सरल, सभासद सुभाष राजपूत, अभय प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पालिका एवं ब्लॉक के कर्मचारी मौजूद रहे।