मलावन में जब्त किए गए गैस सिलिंडर। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कस्बा मलावन में गैस की कालाबाजारी और अवैध रीफिलिंग नहीं रुक रही है। यहां मंगलवार को पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम ने सोमवार को दो जगहों पर छापा मारा और 54 सिलिंडर जब्त किए। टीम ने अन्य उपकरणों को भी बरामद किया है। थाना व कस्बा मलावन स्थित दर्शित जनसेवा केंद्र पर पूर्ति निरीक्षक योगेंद्र यादव और पुलिस ने छापा मारा। यहां से 37 गैस सिलिंडर बरामद किए गए। जबकि जनसेवा केंद्र पर सात सिलिंडर रखने की अनुमति शासन की ओर से दी गई है। गैस कालाबाजारी करने के लिए बड़ी संख्या में सिलिंडरों को रखा गया। शिकायत के आधार पर छापामार कार्रवाई की गई।
जबकि कस्बे में ही रवि कुमार के घर पर छापा मारा गया। यहां छोटे सिलिंडर और वाहनों में अवैध रूप से रीफिलिंग का काम किया जाता था। मौके से 17 सिलिंडर, चार रीफिलिंग मशीन और दो कांटों को बरामद किया गया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि दो लोगों को मौके से पकड़ा गया है। दोनों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि पूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि दिसंबर माह में कस्बे में छापा मारा गया था। तब एक मकान से 70 सिलिंडर बरामद हुए थे। यह मामला ठंडे बस्ता में डाल दिया गया और कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि मुकदमा जरूर दर्ज कराया गया था। इसके बाद भी लोग बेखौफ होकर गैस की कालाबाजारी करने में लगे हुए हैं।