धान की आवक के चलते जीटी रोड पर लगे जाम में फंसी स्कूली बसें। संवाद
एटा। मंडी समिति में आने वाली धान से लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियां यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में बाधक बन रही हैं। बुधवार को सुबह से ही जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे लंबा जाम लग गया। कई स्कूल बसें भी जाम फंस गईं। काफी देर तक रुके रहने के कारण बच्चों को बस उतरकर पैदल ही स्कूल तक पहुंचना पड़ा। इस दौरान उन्हें खासी मुश्किल झेलनी पड़ी। मंडी के दो गेट हैं। एक गेट जीटी रोड की तरफ और दूसरा अलीगंज रोड की ओर। इन दिनों मंडी में धान की आवक बढ़ी है। रात भर ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर पहुंचती हैं। इनके सड़क पर रुकने के कारण जाम लगता है। बुधवार को सुबह जीटी रोड पर हालत खराब रहे। आठ बजे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इससे बीपीएस पब्लिक स्कूल और लिमरा इंटरनेशनल स्कूल की बसें जाम में फंस गई। स्कूल जा रहे बच्चों को खासी दिक्कत हुई।काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब बस आगे नहीं बढ़ सकीं तो उन्हें पैदल ही स्कूल की राह तय करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वे करीब एक किलोमीटर तक पैदल चल स्कूल पहुंचे। कमोवेश छुट्टी के समय भी यही हाल रहा। स्कूली बसें ही नहीं सामान्य यात्रियों को ले जा रही बसों के जाम में फंसने से गर्मी से लोग बेहाल हो गए। अभिभावक अंशुल शर्मा ने बताया कि जीटी रोड पर स्थित स्कूल में बच्चों को छोड़ने और लेने आने-जाने में काफी समय खराब हो रहा है। जाम में एक-दो घंटे तक खड़ा रहना पड़ रहा है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।रोजाना जाम की समस्या से अभिभावक भी परेशान हैं। अभिभावक राहुल सिंह ने बताया कि बुधवार को बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे तो जाम में बाइक आगे नहीं बढ़ सकी। मजबूरन बच्चों को करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल तक ले जाना पड़ा।