मंगलवार दोपहर नगला कोठी गांव स्थित बंबा के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने रिटायर्ड फौजी से दो लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
मारहरा के गांव मोहकमपुर निवासी रिटायर फौजी कमलेश गांव के ही साथी अरविंद के साथ मंगलवार दोपहर एसबीआई से रुपये निकालने आए थे। पीड़ित के अनुसार साथी अरविंद दूध का कारोबार करते है, जिसके लिए उन्होंने मंगलवार सुबह एसबीआई से दो लाख रुपये निकालने के बाद थैले में रख कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक अरविंद चला रहे थे जबकि कमलेश पीछे बैठे थे। नगला कोठी स्थित बंबा के पास पहुंचते ही पीछे से आए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने बाइक को लात मारकर गिरा दिया और फौजी कमलेश के हाथ से दो लाख रुपये कैश से भरा थैला छीनकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने जब तक शोर मचाया तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। सूचना पर सीओ डीएस गर्ब्याल और एसएचओ नौरंगी लाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर पूछताछ कर इलाके में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहंीं लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।