एटा। कोतवाली नगर में भाजपा के शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख सहित 6 के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। फर्जी इकरारनामा कराकर जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया है।शहर के मोहल्ला नन्नूमल चौराहा पुलिया गर्गी निवासी सुरेंद्र सिंह रतन सिंह ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें वीरेंद्र की पत्नी नीरज कुमारी, पुत्री दामिनी निवासी पटियाली गेट, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र वर्मा, प्रमोद कुमार निवासी असरौली, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह निवासी चित्रगुप्त कॉलोनी और सुभाष बाबू निवासी सुरेंद्र नगर गांधी पार्क अलीगढ़, संजय यादव शीतलपुर को नामजद किया है।
बताया कि संजय, नीरज व इसकी पुत्री दामिनी मौजा असरौली स्थित जमीन में मेरे सहखातेदार हैं। इन्होंने जमीन पर कब्जा करना चाहा। इस पर मैंने विरोध किया और करीब 10 फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल करा दी। आरोप है कि इन तीनों ने षड़यंत्र रचकर मेरी भी जमीन का फर्जी इकरारनामा ब्लॉक प्रमुख सहित अन्य के नाम कर दिया। इसके आधार पर कब्जा कर लिया।
आरोप है कि एसएसपी को कब्जा होने व अन्य परिस्थितियों से रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने इन लोगों को भूमाफिया बताया है। सीओ सिटी राजकुमार सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।