एटा। राष्ट्रीय चिह्नों व प्रतीकों से विशेष लगाव रखने वाले एटा के शिवकुमार की शिकायत पर राष्ट्रपति भवन के वेबपेज (वेबसाइट) में बदलाव किया गया है। उन्होंने होम पेज पर प्रदर्शित सिंह स्तंभ अस्पष्ट प्रदर्शित होने की शिकायत भेजी थी।
शहर के अवंतीबाई नगर निवासी शिव कुमार राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर लंबे अरसे से लोगों को जागरूक करते आ रहे हैं। यहां तक कि प्रशासन, शासन और राजनीतिक प्रतिनिधियों को भी इनके सम्मान का पाठ समय-समय पर पढ़ाने के लिए आगे आते रहते हैं। उनकी शिकायतों पर तमाम सुधार शासन स्तर से किए जा चुके हैं। इसी तरह की एक शिकायत उन्होंने राष्ट्रपति भवन के वेबपेज को लेकर की। शिवकुमार बताते हैं कि महीने भर पहले राष्ट्रपति भवन हेल्पलाइन पेज पर देखा कि इस पर प्रदर्शित भारत का संप्रतीक सिंह स्तंभ, सत्यमेव जयते अस्पष्ट था। जिसे देखे जाने पर सही तरह से दिखाई नहीं देता था। ऐेसे में अस्पष्ट संप्रतीक वेबसाइट पर प्रदर्शित करने का कोई औचित्य ही नहीं था। साथ ही यह एक असम्मान की स्थिति भी थी। इसे लेकर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इस शिकायत पर संज्ञान लिया गया और इस वेबसाइट के होम पेज को बदला गया है। अब सभी प्रतीक आसानी से स्पष्ट रूप में देखे जा सकते हैं। बताया कि इस सुधार को लेकर आभार पत्र भी भेजा है।
स्टेशन पर राष्ट्रध्वज की जानकारी को शिलालेख लगाने की मांग
शिवकुमार ने एसडीएम से लेकर प्रधानमंत्री तक को एक पत्र और भेजा है। जिसमें एटा रेलवे स्टेशन पर दिन-रात फहर रहे राष्ट्रध्वज से संबंधित जानकारी इसके पास स्थायी शिलालेख स्थापित कर अंकित किए जाने की मांग की है। बताया कि शिलालेख पर पोल की ऊंचाई, ध्वज की माप, प्रथम बार ध्वजारोहण करने वाले लोगों के नाम, ध्वज स्थापित कराने वाली संस्था का नाम आदि अंकित होना चाहिए।