एटा। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजार मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के दिन भी गुलजार रहे। महिलाएं व युवतियां राखियां खरीदने पहुंचीं। वहीं भाइयों ने उनके लिए उपहार खरीदे।
मंगलवार को शहर के बाबूगंज, हाथी गेट, घंटाघर और गांधी मार्केट में राखियों की दुकानों पर भी सबसे ज्यादा भीड़ नजर आईं। मोती, चंदन आदि की राखियों की जमकर खरीदारी की गई। इसके साथ ही कुछ बहनों ने सराफा की दुकान से चांदी से बनी राखी की भी खरीदारी की। पुरुषों ने बहनों को उपहार में देने के लिए साड़ी, सूट व अन्य सामान की खरीदारी की।
अलीगंज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर मंगलवार को बाजारों में रात तक रौनक रही। भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए खरीददारी की जा रही है। वहीं घेवर, फैनी की दुकानों पर भी भीड नजर आने लगी है, जिससे विक्रेता खुश दिख रहे हैं। संवाद
दस लाख का कारोबार होने की उम्मीद
रक्षाबंधन त्योहार पर इस बार राखी की बिक्री में करीब दस लाख रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। महिलाएं व युवतियां खरीदारी में उत्साह दिखा रही हैं।
- राजा, राखी व्यापारी
कारोना काल में खरीदारी हल्की रही थी। इस बार रक्षाबंधन के त्योहार पर बाजारों में अच्छी संख्या में खरीदार पहुंच रहे हैं। रक्षाबंधन तक अच्छे कारोबार होने की उम्मीद है।
- मोंटू, राखी विक्रेता
रक्षाबंधन के त्योहार पर बहुत कम लोग चांदी की राखी खरीदते हैं। लेकिन इस बार लोग अधिक संख्या में राखी खरीदने में उत्साह दिखा रहे हैं।
- अंकुर, सराफा व्यापारी
रक्षाबंधन को लेकर इस बार चांदी की राखी की अधिक मांग है। कई लोगों ने ऑर्डर बुक करा रखे हैं तो कई लोग सीधे खरीदकर ले जा रहे हैं।
- अमन गुप्ता, सराफा व्यापारी