एटा। सड़कों पर पशुओं की सुरक्षा के उद्देश्य से पशुपालन विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाई जा रही हैं। अब तक 247 के गले में ये बांधी गई हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत सड़क किनारे स्थित गांवों में पशुपालकों के कुल 247 निजी पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाई गईं। रेडियम बेल्ट अंधेरे में दूर से ही पशुओं की मौजूदगी दर्शाती है। इससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने में मदद मिलती है। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने पशुपालकों को जागरूक करते हुए पशुओं को खुला न छोड़ने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की। बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पशु संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।