एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र स्थित गांव धोलेश्वर स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर तैनात एक एएनएम ने गर्भवती का प्रसव रुपये लेकर मंगलवार की शाम पांच बजे कर दिया। प्रसव के करीब एक घंटे बाद ही छुट्टी कर दी गई। प्रसूता की तबियत बिगड़ने पर बुधवार की सुबह परिजन मेडिकल काॅलेज लेकर आए, यहां मृत घोषित कर दिया। परिजन ने पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया है और लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
गांव मगरौली निवासी अवधेश सिंह की पत्नी मुस्कान (20) की मौत हुई है। मृतिका के ताऊ सोवरन सिंह निवासी कीलरनऊ थाना बागवाला ने बताया कि बेटी की शादी करीब 2 वर्ष पहले अवधेश के साथ की गई थी। शादी के बाद से परेशान किया जाता था, जब गर्भवती हुई तो उसकी देख रेख भी ठीक से नहीं की गई और जब प्रसव का समय आया तो एएनएम से करा दिया गया। आरोप है कि बेटी के पति अवधेश ने उचित व्यवस्थाएं होने के बाद भी सरकारी अस्पताल में प्रसव नहीं कराया, अपनी जान पहचान वाली एएनएम जो कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर गांव धौलेश्वर पर तैनात है, उससे करा दिया और एक घंटे में ही प्रसव बाद छुट्टी कर दी गई। इसकी वजह से ठीक से देख-रेख और उपचार नहीं हो सका।
पति ने बताया कि एएनएम की लापरवाही से पत्नी की मौत हुई है, अगर प्रसव केंद्र पर भेज दिया जाता तो पत्नी की जान बच सकती थी।
प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने बताया कि महिला के इलाज में लापरवाही बरतने से मौत होने का आरोप लगाया गया है। सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया है। अभी तक परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।