एटा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ व जनसामान्य तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया की ओर से संचालित समाधान समारोह 21 अप्रैल से देशभर में चल रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान का समापन 21, 22 व 23 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगा।तीन दिवसीय यह विशेष लोक अदालत सुप्रीम कोर्ट परिसर, नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसमें वहां लंबित उपयुक्त मामलों को सुलह व आपसी सहमति के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। विशेष लोक अदालत से पहले सुलह-वार्ता के लिए बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका व उच्च न्यायालयों के मध्यस्थता केंद्रों पर किया जा रहा है।जिले में जिला न्यायाधीश के निर्देश पर समाधान समारोह के तहत तीन प्री-ट्रायल बैठकें 25, 27 और 30 मई को आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संबंधित पक्षकारों को सुलह के प्रयास हेतु आमंत्रित किया जाएगा। प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों व अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से अथवा आभासी माध्यम से शामिल हो सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले रखने वाले पक्षकार अपने वाद को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए उपलब्ध कराए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह फॉर्म भरना अत्यंत सरल है और इसे जमा करते ही मामला समाधान समारोह की प्रक्रिया में सम्मिलित किया जा सकेगा। यह गूगल फॉर्म सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर उपलब्ध है।