जैथरा। नगर पंचायत में लगे तमाम वाटर कूलरों पर पार्टी के चुनाव चिह्न सहित निवर्तमान चेयरमैन के फोटोयुक्त स्टीकर लगे हुए हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। जिम्मेदारों ने इन्हें नहीं हटवाया है।कस्बे के बसस्टैंड, बिजलीघर, बाजार, चौराहों व सरकारी संस्थानों में वाटर कूलर जनता को शीतल पेयजल मुहैया कराने के लिए लगाए गए हैं। 9 अप्रैल को स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लग चुकी है। इसके साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि राजनीतिक व संभावित प्रत्याशियों के बैनर, होर्डिंग, पोस्टर आदि प्रचार सामग्री को हटा दिया जाए।
दो दिनों तक ताबड़तोड़ अभियान चलाकर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने प्रचार सामग्री हटाई भी, लेकिन वाटर कूलरों के ऊपर हिस्से में लगे निवर्तमान चेयरमैन के फोटो व पार्टी चिह्न के स्टीकरों को एक सप्ताह गुजर जाने के बाद भी नहीं हटाया गया है। जिसे लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं विरोधी दल आपत्ति भी जता रहे हैं। एसडीएम अलीगंज मानवेंद्र सिंह ने बताया कि कहीं कोई प्रचार सामग्री छूट गई है तो उसे हटवा दिया जाएगा।