एटा। ऑपरेशन जागृति नोडल अधिकारी एवं एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने हर थाने पर सोशल मीडिया टीम बनाई है। मंगलवार को जिले के प्रत्येक थाने से आए दो मुख्य आरक्षी, आरक्षी व एक-एक महिला आरक्षियों को नामित कर सोशल मीडिया टीमें बनाई गईं। इनको पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हाॅल में एएसपी ने प्रशिक्षण दिया। यह टीमें आपरेशन जागृति को और अधिक ढंग से प्रभावी बनाने में सहयोग करेंगी।
एएसपी ने कहा कि ऑपरेशन जागृति अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ की आगरा जोन में शुरू की गई एक सार्थक पहल है, जो महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा शासन की ओर से चलाई जा रही, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे जानकारी प्रदान करने का प्रयास है। कहा ऑपरेशन जागृति को सोशल मीडिया के माध्यम से और भी प्रभावी एवं सार्थक बनाया जा सकता है। अपनी बात अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में भी सोशल मीडिया साइट्स का एक अहम योगदान है।
थाना स्तर पर सोशल मीडिया के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए नियुक्त किए गए पुरुष एवं महिला आरक्षियों को सोशल मीडिया पाॅलिसी के संबंध में भी जानकारी जरूरी है, एक अनुशासित विभाग में रहकर कैसे हमें सोशल मीडिया का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके बारे में प्रशिक्षण दिया गया। मीडिया सेल के मुख्य आरक्षी अतुल कुमार, मुख्य आरक्षी राजकुमार, आरक्षी अनुराग कुंतल, आरक्षी विशाल, आरक्षी मनीष, आरक्षी तरुण भारद्वाज सहित 60 पुलिस कर्मी शामिल रहे।
-
सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन न करें
एएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनपदीय पुलिस की खबर देखते हुए एक्टिव रहें। अपने थाना क्षेत्र की खबरों, अफवाहों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें। ऑपरेशन जागृति से संबंधित कार्यक्रम कबर करते समय अच्छी क्वालिटी के फोटो एवं वीडियो (लैंडस्केप मोड़) बनाने का विशेष ध्यान रखें। कोई आपराधिक व सनसनीखेज घटना के संबंध में घटना होते ही तत्काल जनपदीय मीडिया सेल को फोन एवं एक छोटे से ब्रीफ के माध्यम से अवगत कराएं। थाना पुलिस द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को भी समय से जनपदीय मीडिया सेल को अवगत कराएं।