एटा। गांव कंगराैल में बेटे की पीटकर हत्या करने के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयोग की गई लाठी भी बरामद की है। थाना मलावन के गांव कंगरौल निवासी जूली ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पिता प्रेमसिंह और बड़े भाई संजू ने छोटे भाई जयदयाल की पीटकर हत्या कर दी है। हत्या से पूर्व घर में जमीन, मकान और बाइक की मांग के चलते झगड़ा हो गया था। पिता-पुत्र ने जयदयाल को पीटकर मार दिया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को घर के अंदर छिपाकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में शरीर पर लगभग हर जगह बेरहमी से पीटे जाने के निशान पाए गए हैं। सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मलावन पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपी संजू को रविवार की रात लगभग 10 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में गंगनपुर से और दूसरे आरोपी प्रेमसिंह को सोमवार सुबह लगभग 10.30 बजे नगला सूड़ा पुल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जमीन, मकान और बाइक के विवाद में बातचीत हो रही थी तो जयदयाल गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने जानलेवा हमला करने की कोशिश की। जवाब में हम लोगों ने उसको पीटा जिसके कारण उसके गंभीर चोट लगी और मौत हो गई। दोनों ही आरोपियों को जेल भेज दिया है।