संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। दिव्यांगजन और वृद्धजन को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जिले में विकास खंडवार शिविर लगाए जाएंगे। जिनका आयोजन 22 अगस्त से किया जाएगा।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि कृत्रिम अंग हाथ-पैर, जूते सहित कैलीपर्स, बैसाखी, बच्चों के लिए व्हीलचेयर, कान की मशीन, छड़ी, वॉकर, कमर से ऊपरी हिस्से तक को सीधा रखने के लिए बेल्ट एवं रोलेटर इत्यादि सहायक उपकरण निशुल्क प्रदान किए जाने हैं। परीक्षण के साथ-साथ इनका वितरण शिविरों के माध्यम से किया जाएगा। 22, 23 अगस्त को विकासखंड शीतलपुर, 25, 26 अगस्त को विकासखंड जलेसर, 28, 29 अगस्त को विकासखंड अलीगंज में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में दिव्यांगजन पेंशन, कुष्ठावस्था पेंशन, शादी पुरस्कार योजना, दुकान संचालन, निर्माण योजना, कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण एवं यूडीआईडी कार्ड आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिन वृद्धजनों को कान की मशीन की आवश्यकता हो, उन्हें किसी ईएनटी विशेषज्ञ से परामर्श, उपचार का पर्चा साथ लाना होगा।