एटा। परिवहन निगम में कार्यरत परिचालकों की आदतों में सुधार नहीं हो पा रहा है। पिछले वर्ष करीब 15 परिचालकों पर कार्रवाई भी हो चुकी हैं। इसके बाद भी यात्रियों को गुमराह करके टिकट नहीं दिया जाता। एटा डिपो की बस संख्या यूपी 76के 8639 फर्रुखाबाद तक चलती है। बुधवार को एटा से फर्रुखाबाद के लिए गई तो परिचालक ने यात्रियों को गुमराह किया। दो सवारियों को एक ही टिकट थमा दिया। एक हाथ से लिख दी गई। बताया कि टिकट मशीन खराब है। इस वजह से ऐसी टिकट देनी पड़ रही है।
कंसुरी से बस में सवार हुई मुन्नी देवी ने बताया कि उनको बिना प्रिंट टिकट दी गई। परिचालक ने कहा कि मशीन खराब है। टिकट पर हाथ से अलीगंज लिखा गया। वहीं एटा से जैथरा के लिए सवार हुए दीपक पचौरी ने बताया कि दो सवारियां थी, जबकि एक ही टिकट दिया गया। पूछने पर बताया कि टिकट मशीन खराब है। एआरएम राजेश यादव ने बताया कि अब तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। मशीन को चेक कराया जाएगा। अगर परिचालक ने यात्रियों को गुमराह किया है तो कार्रवाई की जाएगी।