एटा। मुख्यालय से एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन रोजाना ही देरी से चल रही है। 30 से 40 मिनट देरी से गाड़ी आने-जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एटा रेलवे स्टेशन से एक मात्र ट्रेन के सहारे ही लोगों को यात्रा करनी पड़ रही है। एटा से टूंडला और एटा से आगरा फोर्ट तक जाने वाली एकमात्र यात्री गाड़ी के समय को लेकर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। समय परिवर्तन को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है। वर्तमान में चल रही एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर भी समय से नहीं पहुंच रही है। जिसके चलते यात्रियों को काफी समय तक स्टेशन पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है।
मंगलवार को आगरा जा रहे राजेश कुमार ने बताया कि कभी-कभी ट्रेन 7:30 की जगह 8:30 बजे यहां से प्रस्थान करती है। आगरा पहुंचने में भी देर होती है जिसकी वजह से चिकित्सक के यहां लगाया गया नंबर भी निकल जाता है और बाद में घर लौटने में भी देर हो जाती है। समय परिवर्तन नहीं हो रहा, लेकिन कम से कम जो एकमात्र ट्रेन है, वो तो समय से चलनी ही चाहिए।