एटा। जिले में ऑटो गैंग की दहशत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को ऑटो में बैठाने के बाद लूट की वारदातें लगातार की जा रहीं हैं। शनिवार की रात कोतवाली नगर क्षेत्र में 15 दिन में लूट की चौथी वारदात कर लुटेरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी। फिरोजाबाद के एक युवक से मोबाइल-बैग लूट ले गए।कोतवाली नगर क्षेत्र में ऑटो में बैठाकर शिकोहाबाद रोड गंगनपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार की रात करीब 10 बजे ऑटो गैंग ने अशोक कुमार निवासी नगला हीरे थाना जसराना जिला फिरोजाबाद को लूट लिया। इससे कपड़ों का बैग, मोबाइल और 500 रुपये लूटकर फरार हो गए। इससे पहले कोतवाली देहात में मारहरा तिराहा के पास अंशुल निवासी दाउदगंज थाना अलीगंज को लूटा था।
बता दें कि थाना मलावन क्षेत्र में पहली लूट की वारदात ऑटो गैंग ने 25 फरवरी की रात की थी। इसमें बस स्टैंड से पुष्पेंद्र निवासी हाड़ई थाना मलावन को बैठाने के बाद दलेलपुर जाने वाले रास्ते पर एफसीआई गोदाम के पास वारदात की थी। पीड़ित ने ऑटो का नंबर भी एफआईआर में अंकित किया था, लेकिन पुलिस ने पीड़ित का मुकदमा लूट में दर्ज न करके मारपीट में लिखा।
इसी क्षेत्र में दूसरी वारदात एक मार्च की रात अनिल कुमार निवासी कुंवरपुर थाना कुरावली जिला मैनपुरी के साथ हुई। अनिल ने भी पुष्पेंद्र द्वारा दिए गए ऑटो का नंबर लिखाया था। इससे साफ जाहिर था कि लूट की वारदातें करने वाले एक ही बदमाश थे। पुलिस ने इस मुकदमे को लूट में जरूर लिखा, लेकिन अपने ही उच्चाधिकारियों को गुमराह किया। जिस नंबर को लिखाया गया उसे मैनपुरी डिपो की रोडवेज बस बताकर सवारी व कर्मचारी में मारपीट होना अधिकारियों को बता दिया।
गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर व देहात में वारदात करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को रविवार को पकड़ लिया गया है। विपिन, विनय और मोहित निवासी सरजनपुर थाना बागवाला को जेल भेज दिया गया है।