एटा। कोतवाली नगर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर पट्टे की जमीन में मालिकाना हक और नाम बदलने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जमीन नसबंदी कराने पर सरकारी की ओर से पट्टे के रूप में दी गई थी। इसके कागजात बदलकर नाम बदल दिया गया।कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बारथर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने रामसिंह निवासी श्याम नगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा है कि पिता कामता प्रसाद के नाम एजेंडा एवं पट्टा सूची में 57 नंबर पर दर्ज है। इसमें दो गाटों में रकम 607 हेक्टेयर का पट्टा पिता को नसबंदी कराने पर आठ अक्तूबर 1985 में दिया गया था। पिता की 21 मई 2021 को मौत हो चुकी है।
इस जमीन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर रामसिंह ने अपना नाम दर्ज करा लिया है, इसमें राजस्व कर्मियों को भी साजिश के तहत शामिल किया गया है। जबकि राम सिंह शहर के मोहल्ला श्याम नगर और मूल निवासी सिकंदराराऊ हाथरस का निवासी है। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।