एटा। सीएमओ कार्यालय के सामने मेडिकल कॉलेज का आठ मंजिला भवन में भूतल पर सोमवार से ओपीडी की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इससे कॉलेज में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
अभी तक मेडिकल कॉलेज की ओपीडी पुराने भवन में संचालित हो रही है। यहां पर्चा काउंटर अलग है और दवा काउंटर भी दूसरे स्थान पर है। जबकि चिकित्सक पुरुष अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में बने कक्षों में बैठकर मरीजों को देखते हैं। इससे कॉलेज में मरीजों की हर तरफ भीड़ नजर आती है। वहीं मरीजों को भी इधर-उधर भटकना पड़ता है। बरसात के दिनों में जलभराव होने पर समस्या विकराल हो जाती है। अब नई बिल्डिंग में ओपीडी शुरू होने से मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें पर्चा काउंटर, दवा काउंटर सहित चिकित्सक आदि एक ही भवन में मिल जाएंगे। ओपीडी को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू कर दी जाएगी। रविवार को पूरा सैटअप नई बिल्डिंग में लगा दिया जाएगा और सोमवार से वहां मरीजों के रजिस्ट्रेशन,मेडिसन, सर्जरी, त्वचा रोग, गैर संचारी रोग क्लीनिक आदि की सेवाएं वहां मिलने लगेंगी।
-
एमसीएच विंग में महिला व बच्चों की चलेगी ओपीडी
मेडिकल कॉलेज प्रांगण में एमसीएच विंग बनी हुई है। यहां अभी बच्चों व महिलाओं की ओपीडी के अलावा ईएनटी व दंत्त रोग विभाग की ओपीडी संचालित होती है। सोमवार से विंग में सिर्फ बच्चों व महिलाओं की ओपीडी रहेगी। अन्य रोगों के चिकित्सक नई बिल्डिंग में बैठेंगे।