एटा। निधौली कलां थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में 22 नवंबर की रात एक जन्मदिन कार्यक्रम में फायरिंग करने से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था। जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। खुशी में फायरिंग करने वाले युवक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। सप्ताह बाद मंगलवार को पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने असलहा भी बरामद किया है।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कासिमपुर गांव में फायरिंग करने वाले थान सिंह निवासी खुदाताल थाना सहावर जिला कासगंज को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से राइफल भी बरामद की गई है। बताया कि बीते 22 नवंबर को कासिमपुर गांव निवासी अपने रिश्तेदार होडिल सिंह के घर जन्मदिन की पार्टी में गया था। वहां होडिल के पुत्र दीपू ने जैसे ही केट काटा और लोग डीजे आदि पर झूमना शुरू किए तभी थान सिंह ने फायरिंग कर दी। गोली उपर से गुजरे हाईटेंशन से टकराई, परिणाम स्वरुप बिजली का तार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से हरीशंकर की मौत हो गई थी। हालांकि परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। बताया कि आरोपी की लाइसेंसी राइफल है। लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी चल रही है। पूरी होने पर लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा।