एटा। सपा नेता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह और उनकी जिला पंचायत अध्यक्ष पत्नी रेखा देवी को हाजिर होने के लिए एक और नोटिस उनके आवास पर चस्पा किया गया है। इसमें पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव की पत्नी राममूर्ति को भी थाने में हाजिर होने को कहा गया है।थाना जैथरा में पिटाई, गालीगलौज व एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें जुगेंद्र सिंह, रेखा देवी और राममूर्ति देवी को आरोपी बनाया गया। इसमें पुलिस विवेचना कर रही है। तीनों को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया है। इसे लेकर थाना पुलिस ने जसरथपुर थानांतर्गत गांव अमृतपुर रघूपुर में उनके पैतृक आवास पर नोटिस चस्पा किया। तीनों को 23 फरवरी को सुबह 10 बजे क्षेत्राधिकारी अलीगंज के कार्यालय पर पहुंचने के लिए कहा गया है। नोटिस चस्पा करने के साथ ही लाउडस्पीकर से मुनादी भी कराई गई।