मंदिर प्रांगण में कतार में लगे भक्त ।
- फोटो : ETAH
एटा। सावन मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में महादेव की जयकार गूंजी। सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा अर्पित कर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शहर के प्रसिद्ध कैलाश मंदिर पर सावन मास के दूसरे सोमवार को तड़के से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब चार बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया। सबसे अधिक कांवड़ियों की संख्या यहीं नजर आई। सोरों से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियो ने भगवान शिव का पूजन कर गंगाजल अर्पित किया। डाक बगलिया, पथवारी देवी, रघुनाथ जी, अरुणा नगर आदि मंदिरों में भी भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर मनौती मांगी।
इस दौरान मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर के बाहर बैरीकेडिंग की गई। दोपहर तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। कैलाशगंज मार्ग पर दो जगह बैरीकेडिंग कर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया। बली मोहम्मद चौराहा और सदर तहसील तिराहा के पास बैरीकेडिंग कर वाहनों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही मंदिर के बाहर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा।