एटा। शहर के मोहल्ला सुनहरी नगर स्थित कलावती सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को गणित और विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने बच्चों की ओर से बनाए गए राम मंदिर मॉडल समेत अन्य विशेष मॉडलों की सराहना की।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कहा कि बच्चों की ओर से बनाए गए मॉडल में पूरे राम मंदिर की झलक दिखाई दे रही है। ऐसे ही बाल वैज्ञानिक देश का भविष्य बनेंगे। पक्षी भक्षण, डिब्बों से बने घर, बोतलों पर मिट्टी की कला, मंडल कला, डूडलिंग सहित मॉडल और विभिन्न पेंटिग व रेखाचित्र भी बच्चों ने बनाकर प्रस्तुत किए।
एसएसपी ने ऑपरेशन जागृति को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक भी किया। कहा कि कई बार बालिकाएं अपनी सहमति से बिना सोचे समझे चली जाती है। साथ ही साथ बदनामी के भय से कष्टों को झेलना पड़ता है। परिवार में आपसी संवाद हीनता और अभिभावकों से डर के कारण बालिकाएं अपनी बात नहीं कह पाती हैं। कोई भी कदम बहुत ही सोच समझकर उठाएं। इसके लिए सामाजिक जागरूकता, संवाद शिक्षा और परामर्श की बेहद आवश्यकता है। एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर विक्रांत द्विवेदी, कोतवाली नगर प्रभारी निर्दाेष सिंह सेंगर, अतुल राठी आदि मौजूद रहे।