एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के एक गांव की आठवीं की छात्रा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उनको वायरल कर दिया। इसके बाद छात्रा को ब्लैकमेल कर 20 हजार रुपये मांगे गए। पिता जब थाना पहुंचा तो पुलिस ने मुकदमा तक दर्ज नहीं किया। एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस पूरे मामले से सहमी छात्रा स्कूल नहीं जा रही है।
पिता ने एसएसपी उदय शंकर सिंह को 17 जनवरी को तहरीर दी। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर विनय कुमार और जीतू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिता ने बताया कि 12 वर्षीय बेटी आठवीं की छात्रा है। विनय कुमार ने अपनी फेसबुक आईडी पर बेटी के बारे में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और गांव के ही जीतू को टिप्पणियां (कमेंट) भेजीं।
आरोप है कि सात जनवरी को बेटी मकान के बाहर खड़ी थी तभी दोनों आए और कहा कि अपने बाप से कह देना 20 हजार रुपये दे, नहीं तो हम पूरे गांव में बदनाम कर देंगे। जब बेटी ने पूरी बात बताई तो आरोपियों ने आपत्तिजनक भाषा की टिप्पणियों को गांव वालों के नंबरों पर वायरल कर दिया। बताया कि आपत्तिजनक भाषा वायरल होने से बेटी काफी तनाव में है और पढ़ने तक नहीं जा रही है। इससे पूरा परिवार परेशान है। आरोपियों द्वारा धमकियां भी दी गई हैं। थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित थाने पर नहीं आए, एसएसपी से मिले थे। आदेश आने पर मुकदमा दर्ज कर गंभीरता से जांच की जा रही है।