एटा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बुधवार को जिले के सभी अस्पतालों व स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यालयों में लोगों को तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया गया। इस दौरान वहां सभी को शपथ दिलाई गई। जबकि सीएमओ कार्यालय में तंबाकू छोड़ने को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जहां सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने सबसे पहले हस्ताक्षर किए।
एसीएमओ डॉ. राममोहन तिवारी ने बताया तंबाकू वह मीठा जहर है तो लोगों को धीरे-धीरे अपनी गिरफ्त में लेकर बीमारियों की ओर धकेल देता है। पहले लोग शौक में तंबाकू खाते हैं, लेकिन बाद में वह उनकी आदत में आ जाती है। बताया विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहां पहुंचने वाले लोगों को तंबाकू का सेवन न करने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं शपथ भी दिलाई गई। इसके अलावा सीएमओ कार्यालय में हस्ताक्षर अभियान चला लोगों को तंबाकू छोड़ने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान डॉ. अमन द्वारा कार्यालय में तंबाकू खाकर आए चार व्यक्तियों से जुर्माना वसूल किया गया। एसीएमओ ने बताया टीम सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर लोगों को तंबाकू न खाने के लिए जागरूक करेगी। वहीं तंबाकू खाते कोई व्यक्ति मिला तो उस पर जुर्माना भी लगाएगी।