निधौली कलां। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय शिविर का समापन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के साथ किया गया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर सभी को बेटियों का महत्व समझाया। बताया कि बेटियां परिवार का अभिमान होती हैं।
प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने कहा कि सभी स्वयंसेवक, सेविकाएं यहां से जाने के बाद इन सात दिनों के कार्य अनुभव, सेवा भाव अपने जीवन मे उतारें। ग्राम प्रधान प्रेमवती कुशवाह ने कहा कि आप सभी इसी तरह हर वर्ष अपने किसी न किसी कार्य के बहाने मेरे गांव में आते रहें। जब भी जहां भी मेरी आवश्यकता हो, हमेशा तत्पर रहूंगी। सदस्य क्षेत्र पंचायत गुड्डो देवी, विद्यालय प्रबंधक प्रतिनिधि अनिरुद्ध प्रताप सिंह, कार्यक्रम अधिकारी रामकिशन कौशिक, मीरा कौशिक, प्रियंका, देवेंद्र पाल सिंह, अवधेश सिंह आदि ग्रामवासी मौजूद रहे।