जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के चिलासनी गांव का मामला है। गांव निवासी मुनेश कुमार उर्फ मनीष ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनका बेटा प्रांशु (15) पांच जनवरी से अचानक लापता हो गया। उसे आसपास, रिश्तेदारी सहित अन्य जगहों पर तलाशा किया गया, लेकिन कोई पता नहीं लग सका।
इसके बाद नौ जनवरी को कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पिता मनीष ने बेटे के अपहरण की आशंका जताई है। कहा कि उनकी गांव में कुछ लोगों से रंजिश भी चल रही है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि किशोर गांव से लापता हुआ है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टीम तलाश में लगी हुई है।
बताते चलें कि इससे पहले तीन जनवरी को भी कोतवाली क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित आर्ष गुरुकुल से छात्र जितेंद्रपुरी लापता हो गया है। पुलिस अभी तक उसका पता नहीं लगा पाई है। छात्र का कोई सुराग न मिलने पर सोमवार को उसके पिता किशोरपुरी कई लोगों के साथ एसएसपी से मिले थे।