एटा। गोकशी मामले को लेकर प्रशासन की भी नींद उड़ी हुई है। मामले में बीडीओ को नोटिस जारी किया गया है। वहीं दो अधिकारियों की टीम बनाकर जांच शुरू करा दी है। दोपहर के समय डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने एसएसपी उदय शंकर सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ दलेलपुर गोशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों, केयरटकर और गांव के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने बताया कि गोरक्षा प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए घटनाक्रम की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। एएसडीएम वेदप्रिय आर्य और सीवीओ डॉ. अनिल कुमार जांच करेंगे। टीम को निर्देशित किया है कि सभी पहलुओं की जांच कर तीन दिन में अपनी आख्या प्रस्तुत करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाए।
दलेलपुर गोशाला प्रकरण में नर सिंह सोलंकी निवासी ग्राम लखमीपुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें गोकशी, तीन लोगों से मारपीट और करीब 36 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के आरोप हैं। 15-20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।
सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने घोर लापरवाही पाए जाने पर शीतलपुर के संयुक्त बीडीओ शिवशंकर शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण साक्ष्यों सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, सीवीओ डॉ. अनिल कुमार, एसडीएम सदर शिव कुमार, क्षेत्राधिकारी विक्रांत द्विवेदी आदि रहे।