एटा। सहकारी समितियों में नए बोर्ड के गठन के लिए मंगलवार से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो रही है। डायरेक्टर पद के लिए नामांकन किए जाएंगे। इसके लिए सभी विकासखंड कार्यालयों पर व्यवस्था की गई है।जिले में 66 समितियों में 594 डायरेक्टरों का चुनाव किया जाना है। इसके लिए रणनीतिकार काफी समय से जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं। यह चुनाव किसानों के साथ ही राजनीतिक दलों के लिए भी अहम माना जाता है। कम ब्याज पर किसान क्रेडिट कार्ड और कीटनाशक दवाएं एवं खाद का लेनदेन करने के लिए सहकारी समिति किसानों का मुख्य केंद्र हैं।
प्रत्येक समिति में नौ डायरेक्टर चुने जाएंगे। इसके लिए समिति से संबंधित विकासखंड कार्यालय पर नामांकन की व्यवस्था की गई है। नामांकन प्रक्रिया एक ही दिन की तय है। इसे लेकर सोमवार को सभी विकासखंड कार्यालयों पर तैयारियां की गईं। सहायक निबंधक सहकारिता महावीर सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए तैयारियां कर ली गई है। प्रशासन के सहयोग से प्रक्रिया कराई जाएगी।